Jaipur-Ajmer Highway पर सोमवार को एक बड़ा सड़क हादसा टल गया. जहां हाईवे पर केमिकल से भरे टैंकर में अचानक आग लग गई. जिससे हाईवे पर कुछ देर के लिए दहशत फैल गई. घटना की जानकारी मिलते ही भांकरोटा पुलिस मौके पर पहुंची और खुद ही आग बुझाना शुरू कर दिया.
जयपुर की ओर जा रहे टैंकर में लगी आग
पुलिस के अनुसार, यह हादसा सुबह करीब 4:45 बजे जयपुर-अजमेर हाईवे पर रामचन्द्रपुरा पुलिया के ऊपर हुआ। अजमेर से जयपुर की ओर आ रहा एक टैंकर मिथाइल केमिकल लेकर जा रहा था। पुलिया पर चढ़ते समय टैंकर के टायर के पास से अचानक चिंगारियां निकली, देखते ही देखते उसके निचले हिस्से में आग लग गई। आग लगते ही टैंकर से धुआं उठने लगा और लपटें दिखाई देने लगीं.
भांकरोटा अग्निकांड जैसा हादसा टला
टैंकर से आग की लपटे और धुआं निकलता देख हाईवे से गुजर रहे दूसरे वाहन चालकों में दहशत फैल गई. लोगों ने ड्राइवर को आग लगने की जानकारी दी.जिसके बाद ड्राइवर ने तुरंत टैंकर को रोक दिया और नीचे उतर गया. वहीं दूसरे वाहन चालक भी वाहन छोड़कर सुरक्षित दूरी पर चले गए.

पुलिस कंट्रोल रूम से सूचना मिलते ही भांकरोटा थानाधिकारी श्रीनिवास जांगिड़, कॉन्स्टेबल बाबूलाल और सुनील के साथ मौके पर पहुंचे. उन्होंने तुरंत फायर ब्रिगेड को सूचना दी और राहगीरों की मदद से दोनों ओर का यातायात कुछ दूरी पर रुकवाया। आग को फैलता देख पुलिसकर्मी खुद ही आग बुझाने में जुट गए. कुछ देर बाद मौके पर पहुंची फायर बिग्रेड की 2 गाड़ियों ने मशक्कत कर आग पर काबू पा लिया. पुलिस की तत्परता से जयपुर-अजमेर हाईवे पर भांकरोटा अग्निकांड जैसा भीषण हादसा होने से टल गया.
ये भी पढ़ें: Nigeria Truck Accident: नाइजीरिया में भीषण सड़क हादसा, यात्रियों को ले जा रहा ट्रक दुर्घटनाग्रस्त, 30 लोगों की मौत




