Himachal Pradesh News: हिमाचल प्रदेश के विधायक राकेश कालिया ने शुक्रवार को पुलिस में शिकायत दर्ज करायी है कि उन्हें फोन पर धमकी दी गई है। कहा कि अगर हिमाचल में इस बार तिरंगा झंडा फहराया तो मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के साथ खत्म कर दिए जाओगे। धमकी भरी कॉल के बाद विधायक ने गगरेट पुलिस में मामला दर्ज कराया है।
विधायक कालिया को अलगाववादी संगठन से कथित रूप से जुड़े गुरपतवंत सिंह पन्नू की ओर से धमकी भरा कॉल आया है। यह कोई पहली बार नहीं है, इससे पहले भी पन्नू की धमकी पर अंब थाना में मामला दर्ज हो चुका है। यह घटनाक्रम वीरवार देर शाम का है, जब विधायक कालिया अपने विधानसभा क्षेत्र के दौरे पर थे। इसी दौरान, करीब 7:48 बजे उन्हें एक फोन कॉल आई, जिसमें दूसरी ओर से रिकॉर्ड किया गया एक ऑडियो संदेश चला।
कॉल करने वाले ने खुद को पन्नू बताते हुए धमकी दी कि अगर हिमाचल में तिरंगा फहराया गया, तो विधायक कालिया और मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू को जान से मार दिया जाएगा। मामले की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय पुलिस हरकत में आ गई है। एएसपी संजीव भाटिया ने पुष्टि की है कि इस संबंध में एफआईआर दर्ज कर ली गई है और जांच गहनता से जारी है। साथ ही, कालिया की सुरक्षा व्यवस्था की भी उच्चस्तरीय समीक्षा की जा रही है।