Udhampur Encounter: जम्मू-कश्मीर के उधमपुर में सुरक्षा बलों को बड़ी कामयाबी मिली है. 20 घंटे से अधिक समय तक जारी अभियान के बाद सुरक्षा बलों ने बुधवार को जैश-ए-मोहम्मद (जेईएम) के 2 आतंकवादियों को मार गिराया है. मारे गए आतंकवादियों में से एक की पहचान जैश-ए-मोहम्मद के शीर्ष कमांडर अवु मविया के रूप में हुई है, जो पिछले कई वर्षों से इस क्षेत्र में सक्रिय था. सेना ने इस अभियान को ‘किया’ नाम दिया है और कहा है कि इलाके में अब भी निगरानी रखी जा रही है.
सेना की तरफ से दी गई ये जानकारी
सेना के व्हाइट नाइट कोर ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘पुलिस से मिली पुख्ता खुफिया जानकारी के आधार पर ‘काउंटर इंटेलिजेंस फोर्स डेल्टा’ और व्हाइट नाइट कोर के जवानों ने पुलिस, CRPF के साथ मिलकर बसंतगढ़ के जाफर जंगल में एक संयुक्त आतंकवाद-रोधी अभियान चलाया। इस दौरान घेराबंदी को मजबूत किया गया ताकि आतंकवादी भाग न सकें.’
2 आतंकियों को मार गिराया
पोस्ट में कहा गया, ‘कल आतंकवादियों से सामना होने के बाद उन पर कड़ी नजर रखी गई. सुनियोजित और समन्वित कार्रवाई के बाद 2 आतंकवादियों को ढेर कर दिया. इस अभियान में विभिन्न एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय, सामरिक सटीकता और उच्च स्तर की पेशेवर क्षमता देखने को मिली.’
भारी मात्रा में हथियार और गोला बारुद बरामद
सेना ने बताया कि अभियान सफलतापूर्वक संपन्न हो गया है लेकिन क्षेत्र अब भी निगरानी में है. अधिकारियों के मुताबिक, एक आतंकवादी का शव एक गुफा के पास से बरामद किया गया, जबकि दूसरे का शव गुफा के अंदर मिला. मारे गए आतंकवादियों के पास से एक M4 कार्बाइन और एक एके असॉल्ट राइफल सहित भारी मात्रा में हथियार और गोला-बारुद बरामद किए गए हैं.




