जयपुर। राज्य सरकार के ‘शुद्ध आहार–मिलावट पर वार’ अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा विभाग ने मिलावटखोरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की है। आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण राजस्थान डॉ. टी. शुभमंगला के निर्देश पर CMHO जयपुर द्वितीय की खाद्य सुरक्षा टीम ने झालाना डूंगरी क्षेत्र में 300 किलो मिलावटी पनीर जब्त कर मौके पर ही नष्ट करवाया।
शर्मा पनीर भंडार पर मारा छापा
सीएमएचओ जयपुर द्वितीय डॉ. मनीष मित्तल ने बताया कि मिलावटी पनीर की बिक्री की सूचना पर टीम ने शर्मा पनीर भंडार पर छापा मारा। जांच के दौरान दुकान पर पिकअप वाहन से उतारा गया पनीर संदिग्ध पाया गया। पूछताछ में दुकान मालिक नमोनारायण स्वामी ने बताया कि उसने यह पनीर 200 रुपये प्रति किलो की दर से खरीदा था।

300 किलो मिलावटी पनीर नष्ट कराया
दुकान मालिक ने स्वीकार किया कि शादियों के सीजन में सस्ते पनीर की अधिक मांग रहती है, जिसे पूरा करने के लिए दूध पाउडर और सोयाबीन तेल से तैयार मिलावटी पनीर की सप्लाई की जाती है। खाद्य सुरक्षा टीम ने मौके से पनीर के नमूने लेकर जांच के लिए भेजे तथा शेष 300 किलो मिलावटी पनीर को नष्ट करवाया।

खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारियों ने बताया कि त्योहारी और विवाह सीजन में पनीर की बढ़ती मांग को देखते हुए मिलावट की आशंका भी बढ़ जाती है। ऐसे में उच्चाधिकारियों के निर्देशानुसार जिले में औचक निरीक्षण और सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। इस कार्रवाई में खाद्य सुरक्षा अधिकारी रमेश यादव और राजेश नागर शामिल रहे।
ये भी पढ़ें: Jaipur News: पूजा के घी के नाम पर मिलावट का खेल बेनकाब, 3 हजार 127 किलो घी जैसी खुशबू वाला वनस्पति जब्त




