रिपोर्टर: मनोज अवस्थी
Jaipur News: राजधानी जयपुर में मानसरोवर स्थित पत्रकार कॉलोनी में एक दर्दनाक हादसा हो गया. जहां खरबास सर्किल के पास निर्माणाधीन चार मंजिला कॉम्प्लेक्स में काम कर रहा एक मजदूर हाईटेंशन लाइन की चपेट में आ गया. इस हादसे के चलते हाईटेंशन लाइन में आई खराबी के कारण जयपुर के कई इलाकों की बिजली आपूर्ति भी बाधित हो गई.
132 केवी लाइन की चपेट में आया मजदूर
जानकारी के अनुसार, बिहार के नालंदा निवासी मजदूर रामनाथ सुबह करीब 10:49 बजे चौथी मंजिल पर लिफ्ट के अटके हुए तार को खींच रहा था। इसी दौरान तार अचानक उछलकर ऊपर से गुजर रही 132 केवी (एक्स्ट्रा हाई वोल्टेज) सांगानेर-मानसरोवर लाइन के इंडक्शन जोन में पहुंच गया। पलक झपकते ही जोरदार शॉर्ट सर्किट हुआ और रामनाथ आग की लपटों में घिर गया. चश्मदीदों के मुताबिक धमाका इतना भीषण था कि ऐसा लगा जैसे एक साथ 10 गैस सिलेंडर फट गए हों. तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग दहशत में आ गए और मौके पर अफरा-तफरी मच गई.
मजदूर को तड़पता देख ठेकेदार फरार
इस हादसे में रामनाथ करीब 50 प्रतिशत से ज्यादा झुलस गया. मजदूर को तड़पता देख ठेकेदार मौके से फरार हो गया. बाद में साथी मजदूर उसे लेकर SMS अस्पताल पहुंचे, लेकिन कानूनी कार्रवाई के डर से उसे वहां भर्ती कराने के बजाय निजी अस्पतालों के चक्कर काटते रहे. अंततः उसे मानसरोवर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया.
ये भी पढ़ें: Iran War: ‘ईरान हमलों के बावजूद अभी नहीं हुआ कमजोर ‘, सऊदी अरब, UAE समेत खाड़ी देशों ने ट्रंप से कर डाली ये बड़ी मांग



