Alireza Tangsiri Killed: इजराइल ने गुरुवार को एक हमले में ईरानी रिवोल्यूशनरी गार्ड के नौसेना प्रमुख कमांडर अलीरेजा तंगसिरी को मार गिराया है. दावा किया जा रहा है कि यह हमला ईरान के रणनीतिक बंदरगाह शहर बंदर अब्बास में हुआ. इजराइल के रक्षा मंत्री काट्ज ने कहा कि रात भर चले हमले में तंगसिरी समेत अन्य वरिष्ठ नौसेना कमांडर मारे गए. हालांकि, ईरान ने अब तक तंगसिरी की मौत की पुष्टि नहीं की है.
कौन थे अलीरेजा तंगसिरी ?
तंगसिरी होर्मुज जलडमरूमध्य को बंद करने की रणनीति की अगुवाई कर रहे थे. होर्मुज स्ट्रेट पर ईरान के सख्त पहरे ने मध्य पूर्व से तेल और गैस की आपूर्ति को बुरी तरह प्रभावित किया है. तंगसिरी ने स्ट्रेट ऑफ होर्मुज से गुजरने वाले सभी समुद्री यातायात पर 24 घंटे खुफिया निगरानी अनिवार्य कर दी थी. उनके निर्देश पर इस जलमार्ग से गुजरने वाले हर जहाज को पहले ईरानी अधिकारियों से अनुमति लेना जरूरी किया गया था. बताया जाता है कि उनके आदेश पर ही पाकिस्तान के कराची की ओर जा रहे एक जहाज को होर्मुज जलडमरूमध्य से वापस लौटा दिया गया था.
ईरान बदला लेने के लिए कर सकता जवाबी कार्रवाई
विशेषज्ञों का मानना है कि यदि तंगसिरी की मौत की पुष्टि होती है, तो ईरान जवाबी कार्रवाई कर सकता है, जिससे क्षेत्र में तनाव और बढ़ने की आशंका है. होर्मुज जलडमरूमध्य वैश्विक तेल आपूर्ति के लिए बेहद महत्वपूर्ण है और यहां किसी भी तरह का तनाव अंतरराष्ट्रीय ऊर्जा बाजार को प्रभावित कर सकता है. फिलहाल इस पूरे घटनाक्रम पर दुनिया की नजर बनी हुई है और आगे की स्थिति को लेकर अनिश्चितता बनी हुई है.
ये भी पढ़ें: Akhilesh Yadav ने LPG किल्लत पर BJP को घेरा, कहा- ‘भाजपा ने जनता को लाइन के अलावा कुछ नहीं दिया’



