Iran Kuwait Oil Refinery Attack : दुबई। ईरान ने शुक्रवार को कुवैत की मीना अल-अहमदी तेल रिफाइनरी पर ड्रोन से हमले किए, जिससे वहां आग लग गई। सरकारी कंपनी कुवैत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन ने हमले की पुष्टि करते हुए एक बयान जारी किया और कहा कि दमकलकर्मी आग पर काबू पाने में जुटे हैं। कंपनी ने बताया कि इस हमले में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।
कुवैत में तीन तेल रिफाइनरियां हैं। मीना अल-अहमदी रिफाइनरी पर युद्ध के दौरान कई बार हमला हो चुका है। ये रिफाइनरियां कुवैत के तेल उत्पादन के लिए बेहद महत्वपूर्ण हैं, क्योंकि इनके बिना कुओं से निकाले गए तेल को कहीं भेजा नहीं जा सकता और उत्पादन बंद करना पड़ता है।रिफाइनरियों को दोबारा शुरू करना काफी समय लेने वाला काम होता है और जब तक वे फिर से चालू नहीं होतीं, तब तक तेल कुएं बड़े पैमाने पर निष्क्रिय पड़े रहते हैं।

अंतरराष्ट्रीय ऑयल सप्लाई चेन पर पड़ सकता है प्रभाव
सरकारी न्यूज एजेंसी के मुताबिक हमले के बाद फायर ब्रिगेड और इमरजेंसी रिस्पांस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाने के प्रयास शुरू कर दिए गए। अधिकारियों ने बताया कि स्थिति को नियंत्रित करने के लिए सभी जरूरी सुरक्षा प्रोटोकॉल लागू किए गए हैं। यह रिफाइनरी कुवैत के सबसे बड़े तेल प्रोसेसिंग केंद्रों में से एक मानी जाती है, जहां से बड़ी मात्रा में कच्चे तेल को प्रोसेस किया जाता है। इस तरह के हमले से न केवल स्थानीय उत्पादन प्रभावित हो सकता है, बल्कि इंटरनेशनल ऑयल सप्लाई चेन पर भी असर पड़ सकता है।



