IPL 2024 सीजन में रविवार को मुंबई इंडियंस वर्सेस चेन्नई सुपर किंग्स के बीच मैच खेला गया। इस मुकाबले में मुंबई की टीम को हार का सामना करना पड़ा। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी के लिए उतरी चेन्नई ने 207 रनों का लक्ष्य मुंबई के सामने रखा था। लेकिन मुंबई की टीम 20 ओवरों में छह विकेट के नुकसान पर 186 तक ही पहुंच सकी।
इससे पहले मुंबई की टीम ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। ऋतुराज की जगह अजिंक्य रहाणे ओपनिंग करने उतरे थे। हालांकि गेराल्ड कोएट्जे ने उन्हें दूसरे ही ओवर में मात्र पांच के निजी स्कोर पर चलता कर दिया। दूसरे विकेट के रूप में रचिन रविंद्र आउट हुए, जिन्हें श्रेयस गोपाल ने विकेटों के पीछे कैच आउट कराया। रचिन ने 21 रन बनाए।

धोनी की आतिशी बल्लेबाजी
इसके बाद कप्तान ऋतुराज और शिवम दुबे के बीच अच्छी साझेदारी हुई। ऋतुराज ने गेराल्ड कोएट्जे की गेंद पर छक्का मारकर अपना अर्धशतक पूरा किया। ऋतुराज गायकवाड़ 16वें ओवर में हार्दिक पांड्या की गेंद पर लंबा शॉट लगाने के चक्कर में कैच आउट हुए। ऋतुराज ने 40 गेंद में 69 रनों की शानदार पारी खेली। इस दौरान उन्होंने पांच चौके और पांच छक्के लगाए। इसके बाद आए डारेल मिचेल काफी ज्यादा संघर्ष करते नजर आए। हालांकि फैन्स को इंतजार था एमएस धोनी का। धोनी आखिरी ओवर में मिचेल के आउट होने के बाद आए और एक के बाद एक तीन छक्के और एक डबल लेकर मात्र चार गेंदों में 20 रन बना डाले। धोनी की इस आतिशबाजी के दम पर चेन्नई की टीम ने मुंबई के सामने 207 रनों का लक्ष्य रखा।

संघर्ष करती दिखी मुंबई
लक्ष्य का पीछा करने उतरी मुंबई इंडियंस ने तेज शुरुआत की। पहले 7 ओवर में मुंबई ने 70 रन बनाए। लेकिन मथीश पथिराना ने आते ही आठवें ओवर की पहली गेंद पर ईशान किशन को पवेलियन भेज दिया। इसके तुरंत बाद ही सूर्यकुमार यादव भी पवेलियन लौट गए, जिनका कैच बाउंड्री पर मुस्ताफिजुर ने शानदार ढंग से लिया। इसके बाद रोहित और तिलक ने साझेदारी करके टीम को संभाला। इस दौरान रोहित ने इस सीजन की अपनी पहली फिफ्टी लगाई। वहीं, टी-20 में 500 से अधिक छक्के लगाने का मुकाम भी हासिल किया। लेकिन 14वें ओवर में 130 के स्कोर पर तिलक वर्मा मथीश पथिराना के शिकार बन गए। हार्दिक पांड्या छह गेंद पर दो बनाकर तुषार देशपांडे के शिकार बन गए। इसके बाद टिम डेविड भी तेज पारी खेलने के चक्कर में कैच आउट हो गए। वहीं, मथीश पथिराना ने रोमारियो शेफर्ड को बोल्ड कर दिया। इसके बाद बल्लेबाजी करने आए मोहम्मद नबी, लेकिन तब तक चीजें बहुत आसान नहीं रह गई थीं। हालांकि रोहित शर्मा ने अपनी तरफ से पूरी कोशिश की। उन्होंने 63 गेंदों पर नाबाद 105 रनों की पारी खेली। लेकिन मुंबई की 20 रनों से हार नहीं टाल सके।

रोहित की सेंचुरी
मुंबई इंडियंस के सलामी बल्लेबाज रोहित शर्मा ने चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ शतक जड़ दिया है। रोहित शर्मा ने 61 गेंद में 100 रन पूरे किए। अपनी पारी में उन्होंने 10 चौके और पांच छक्के लगाए। मुंबई इंडियंस के पूर्व कप्तान रोहित शर्मा का आईपीएल में ये दूसरा शतक है। इससे पहले 2012 में उन्होंने सेंचुरी लगाई थी।