Rinku Singh Father Death: भारतीय क्रिकेट खिलाड़ी रिंकू सिंह के पिता खानचंद सिंह का शुक्रवार तड़के निधन हो गया. क्रिकेटर के पिता कैंसर से पीड़ित थे और काफी समय से ग्रेटर नोएडा के एक निजी अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था.
ग्रेटर नोएडा के यथार्थ हॉस्पिटल के प्रवक्ता डॉ. सुनील कुमार ने बताया कि रिंकू सिंह के पिता खानचंद सिंह लिवर के कैंसर से जूझ रहे थे. हाल में उनकी तबीयत काफी बिगड़ गई थी, जिसके बाद 21 फरवरी से वह अस्पताल में ही भर्ती थे. उन्हें वेंटिलेटर पर रखा गया था और आज तड़के उन्होंने अंतिम सांस ली.
T20 वर्ल्ड कप बीच में छोड़ वापस लौटे आए थे रिंकू सिंह
पिता की गंभीर हालत होने के कारण रिंकू सिंह को टी20 विश्वकप को बीच में छोड़कर देश लौटना पड़ा था. हालांकि 26 फरवरी को जिम्बाब्वे से होने वाले मैच से पहले वह वापस भारतीय टीम के साथ जुड़ गए थे. हाल में वह अपने पिता से मिलने के लिए नोएडा भी पहुंचे थे.

रिंकू सिंह की सफलता के पीछे पिता का बहुत बड़ा हाथ
उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले के रहने वाले रिंकू सिंह की सफलता के पीछे उनके पिता का बहुत बड़ा हाथ रहा है. अलीगढ़ में गैस सिलेंडर आपूर्ति का काम करने वाले खानचंद सिंह ने तमाम अभावों के बावजूद रिंकू के क्रिकेटर बनने के सपने को पूरा करने में हरसंभव मदद की. परिवार ने बताया कि खानचंद सिंह का अंतिम संस्कार अलीगढ़ में होगा और रिंकू सिंह भी अंतिम संस्कार में भाग लेने के लिए आ रहे हैं.




