Tuesday, February 3, 2026
HomePush NotificationIndia US Trade Deal: भारत-अमेरिका के बीच आखिर बन गई बात, ट्रेड...

India US Trade Deal: भारत-अमेरिका के बीच आखिर बन गई बात, ट्रेड डील फाइनल होते ही ट्रंप ने घटाया टैरिफ, 50 से 18% किया

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से बातचीत के बाद भारत-अमेरिका व्यापार समझौते की घोषणा की। इसके तहत अमेरिकी बाजार में भारतीय उत्पादों पर लगने वाला टैरिफ 25% से घटाकर 18% किया जाएगा।

India US Trade Deal: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारत पर लग रहे टैरिफ को लेकर बड़ा ऐलान किया. उन्होंने सोमवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से बातचीत के बाद कहा कि भारत और अमेरिका के बीच एक व्यापार समझौते पर सहमति बन गई है, जिसके तहत अमेरिका भारतीय वस्तुओं पर लगने वाला जवाबी टैरिफ मौजूदा 25 प्रतिशत से घटाकर 18 प्रतिशत करेगा.

पीएम मोदी ने राष्ट्रपति ट्रंप को दिया धन्यवाद

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि उन्हें यह जानकर बेहद खुशी हुई कि अब ‘मेड इन इंडिया’ उत्पादों पर टैरिफ घटकर 18 फीसदी रह जाएगा. मोदी ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘आज अपने प्रिय मित्र राष्ट्रपति ट्रंप से बात करके बहुत अच्छा लगा. यह जानकर बेहद खुशी हुई कि अब ‘मेड इन इंडिया’ उत्पादों पर टैरिफ घटकर 18 फीसदी रह जाएगा। इस शानदार घोषणा के लिए भारत की 1.4 अरब जनता की ओर से राष्ट्रपति ट्रंप को हार्दिक धन्यवाद.’

‘भारत अमेरिका के शांति के प्रयासों का पूर्ण समर्थन करता है’

प्रधानमंत्री ने कहा कि जब 2 बड़ी अर्थव्यवस्थाएं और दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र एक साथ मिलकर काम करते हैं, तो इससे लोगों को लाभ होता है और पारस्परिक लाभकारी सहयोग के अपार अवसर खुलते हैं. वैश्विक शांति, स्थिरता और समृद्धि के लिए राष्ट्रपति ट्रंप का नेतृत्व अत्यंत महत्वपूर्ण है. भारत शांति के लिए उनके प्रयासों का पूर्ण समर्थन करता है. मैं उनके साथ मिलकर काम करने और हमारी साझेदारी को अभूतपूर्व ऊंचाइयों तक ले जाने के लिए तत्पर हूं.’

भारत 500 अरब अमेरिकी डॉलर से अधिक का सामान खरीदेगा: ट्रंप

ट्रंप ने कहा कि भारत अमेरिका के खिलाफ लगाए गए शुल्क और गैर-शुल्क बाधाओं को शून्य तक लाने की दिशा में आगे बढ़ेगा. उन्होंने यह भी कहा कि नई दिल्ली अमेरिका से ऊर्जा सहित 500 अरब अमेरिकी डॉलर से अधिक का सामान खरीदेगा. ट्रंप ने सोशल मीडिया पर कहा, ‘प्रधानमंत्री मोदी से मित्रता व उनके प्रति सम्मान के मद्देनजर तथा उनके अनुरोध पर तत्काल प्रभाव से अमेरिका और भारत के बीच एक व्यापार समझौते पर सहमति बनी है, जिसके तहत अमेरिका जवाबी शुल्क 25 प्रतिशत से घटाकर 18 प्रतिशत करेगा.’

‘भारत के साथ संबंध होंगे और मजबूत’

अमेरिकी राष्ट्रपति ने आगे कहा कि भारत भी इसी तरह अमेरिका के खिलाफ अपनी शुल्क और गैर-शुल्क बाधाओं को खत्म करने की दिशा में आगे बढ़ेगा. ट्रंप के अनुसार, इसके अलावा प्रधानमंत्री मोदी ने काफी बड़े स्तर पर अमेरिकी उत्पादों को खरीदने की प्रतिबद्धता जताई है. इसमें 500 अरब अमेरिकी डॉलर से अधिक के अमेरिकी ऊर्जा, प्रौद्योगिकी, कृषि, कोयला और अन्य उत्पादों की खरीद शामिल है. भारत के साथ हमारे पहले से शानदार संबंध और मजबूत होंगे. प्रधानमंत्री मोदी और मैं काम करके दिखाते हैं. अधिकतर लोगों के बारे में यह बात नहीं कही जा सकती.

रूस-यूक्रेन युद्ध को समाप्त करने पर भी चर्चा

ट्रंप ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के साथ उनकी बातचीत में रूस-यूक्रेन युद्ध को समाप्त करने पर भी चर्चा हुई. उन्होंने (मोदी ने) रूसी तेल की खरीद बंद करने और अमेरिका से कहीं अधिक मात्रा में तेल खरीदने, तथा संभावित रूप से वेनेजुएला से भी खरीद पर सहमति जताई है. इससे यूक्रेन में जारी युद्ध को खत्म करने में मदद मिलेगी, जिसमें इस समय हर हफ्ते हजारों लोगों की मौत हो रही है.’

पिछली बार मोदी ट्रंप के बीच अक्टूबर में 2025 में बातचीत हुई

ट्रंप और मोदी के बीच पिछली बार अक्टूबर 2025 में फोन पर बातचीत हुई थी. दोनों नेताओं ने पिछले वर्ष फरवरी में हुई एक बैठक में शरद ऋतु तक द्विपक्षीय व्यापार समझौते के पहले चरण को अंतिम रूप देने पर सहमति जताई थी. हालांकि दोनों पक्षों के बीच कई दौर की बातचीत हुई, लेकिन ट्रंप द्वारा भारतीय वस्तुओं पर 50 प्रतिशत शुल्क लगाए जाने के बाद व्यापार समझौते पर प्रगति रुक गई थी. इनमें रूस से कच्चा तेल खरीदने के लिए दंड के तौर पर लगाया गया 25 प्रतिशत शुल्क भी शामिल है.

अमेरिकी दौरे पर विदेश मंत्री जयशंकर

मोदी-ट्रंप के बीच फोन पर बातचीत ऐसे दिन हुई, जब विदेश मंत्री एस. जयशंकर वॉशिंगटन डीसी के दौरे पर पहुंचे हैं. अधिकारियों ने कहा कि अब भारत लगे शुल्क निर्यात के मामले में प्रतिस्पर्धी देशों की तुलना में कम हैं. उन्होंने बताया कि अमेरिका ने इंडोनेशिया पर 19 प्रतिशत, वियतनाम पर 20 प्रतिशत, बांग्लादेश पर 20 प्रतिशत और चीन पर 34 प्रतिशत शुल्क लगाया हुआ है.आधिकारिक सूत्रों ने पिछले सप्ताह कहा था कि भारत और अमेरिका के बीच व्यापार समझौते को लेकर वार्ताओं में “काफी महत्वपूर्ण” प्रगति हुई है.

अश्विनी वैष्णव ने समझौते को बताया लाभकारी

इस बीच, केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि भारत–अमेरिका व्यापार समझौता एक ‘लाभकारी’ सौदा है, जिससे दोनों देशों के नागरिकों और उद्योगों को लाभ होगा. केंद्रीय सूचना और प्रसारण मंत्री वैष्णव ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, “अमेरिका और भारत के बीच व्यापार समझौता दोनों देशों को उज्ज्वल भविष्य की दिशा में अग्रसर करेगा। भारत–अमेरिका व्यापार समझौता एक ‘लाभकारी’ सौदा है। इस समझौते से दोनों देशों के नागरिकों और उद्योगों को काफी लाभ मिलेगा.’

Premanshu Chaturvedi
Premanshu Chaturvedihttp://jagoindiajago.news
खबरों की दुनिया में हर लफ्ज़ को जिम्मेदारी और जुनून के साथ बुनने वाला। मेरा मानना है कि एक अच्छी खबर केवल सूचना नहीं देती, बल्कि समाज को सोचने, सवाल करने और बदलने की ताकत भी देती है। राजनीति से लेकर मानवता की कहानियों तक, हर विषय पर गहराई से शोध कर निष्पक्ष और सटीक रिपोर्टिंग करना ही मेरी पहचान है। लेखनी के जरिए सच्चाई को आवाज़ देना मेरा मिशन है।
RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular