Monday, January 26, 2026
HomePush NotificationSuryakumar Yadav comeback : टी20 विश्व कप से पहले कप्तान सूर्यकुमार यादव...

Suryakumar Yadav comeback : टी20 विश्व कप से पहले कप्तान सूर्यकुमार यादव का फॉर्म में लौटने से भारत को मिली राहत

गुवाहाटी और रायपुर टी20 मैचों में लगातार अर्धशतक जमाकर कप्तान सूर्यकुमार यादव ने शानदार फॉर्म में वापसी के संकेत दिए हैं। न्यूजीलैंड के खिलाफ 26 गेंद में 57 रन की पारी के बाद डेरिल मिचेल का उनका बल्ला जांचना इस फॉर्म की झलक था। लंबे समय से रन नहीं बना पाने के बाद सूर्यकुमार का आत्मविश्वास लौटना भारत के लिए टी20 विश्व कप से पहले बेहद सकारात्मक संकेत है।

Suryakumar Yadav comeback : विशाखापत्तनम। गुवाहाटी में भारत के 154 रन के लक्ष्य को 10 ओवर में शानदार तरीके से पूरा करने के कुछ ही देर बाद न्यूजीलैंड के डेरिल मिचेल भागकर कप्तान सूर्यकुमार यादव के पास पहुंचे और मजाक में उनके बल्ले की जांच करने लगे। सूर्यकुमार ने 26 गेंद में 57 रन बनाए थे। रायपुर में 37 गेंद में 82 रन बनाने के बाद यह लगातार दूसरे मैच में उनका दूसरा अर्धशतक था। शायद मिचेल सिर्फ सूर्यकुमार के बल्ले की बनावट और खासियत देख रहे थे या यह उस खिलाड़ी की खुली तारीफ थी जो बल्ले से कुछ कमाल के कारनामे कर सकता है।

लगातार दो अर्धशतक से SKY का धमाकेदार कमबैक

जब सूर्यकुमार लय में होते हैं तो उनका ऐसा ही असर प्रशंसकों और प्रतिद्वंद्वी टीम पर होता है जिससे सभी हैरान होकर तारीफ करने लगते हैं। लेकिन टीम प्रबंधन भी राहत महसूस कर रहा होगा। अगले महीने होने वाले टी20 विश्व कप से पहले कप्तान का फॉर्म में लौटना सबसे अच्छा संकेत है। लेकिन 23 जनवरी तक स्थिति अलग थी। सूर्यकुमार 12 अक्टूबर 2024 से 23 पारियों में एक भी अर्धशतक नहीं बना पाए थे और इस दौरान उनके नाम सिर्फ एक 40 से ज्यादा और एक 30 से ज्यादा रन का स्कोर था। इसमें एक और चिंताजनक बात यह थी कि मुंबई के इस खिलाड़ी को पहली 10 गेंद के अंदर 15 बार तेज गेंदबाजों ने आउट किया था। लेकिन रायपुर में दूसरे टी20 अंतरराष्ट्रीय में अभिषेक शर्मा और संजू सैमसन का जल्दी आउट होना फायदेमंद साबित हुआ।

खराब दौर के बाद आत्मविश्वास के साथ लौटे सूर्यकुमार

जब सलामी बल्लेबाज 1.1 ओवर में पवेलियन लौट गए तो सूर्यकुमार को पारी को संभालने की जरूरत थी। उन्होंने धीमी शुरुआत की, 10 गेंद में 10 रन बनाए और 100 के स्ट्राइक-रेट से रन बनाना उनके लिए सामान्य नहीं है। लेकिन एक बार जब उन्होंने पिच और गेंदबाजों की गति को समझ लिया तो सूर्यकुमार अपने चिर परिचित अंदाज में आ गए और अगली 27 गेंद में 72 रन बना डाले। उन्होंने तेज गेंदबाजों को बुरी तरह धो दिया। जैक फाक्स ने 12 गेंद में 41 रन लुटाए जबकि अनुभवी मैट हेनरी की छह गेंद में 14 और और जैकब डफी की 11 गेंद में 16 रन बने। महान क्रिकेटर सुनील गावस्कर ने रायपुर में उस पारी के अहमियत बताते हुए कहा, ‘‘उस पारी ने उन्हें वही आत्मविश्वास दिया जिसकी उन्हें जरूरत थी।

फॉर्म में कमी नहीं थी बल्कि रनों की कमी थी। वह नेट्स में बहुत अच्छी बल्लेबाजी कर रहे थे। उन्हें वहां कोई दिक्कत नहीं हो रही थी। ’’ उन्होंने मेजबान प्रसारक से कहा, ‘‘बस मैच में ये उनके लिए काम नहीं कर रहा था। कभी-कभी, आगे बढ़ने के लिए थोड़ी किस्मत की जरूरत होती है। इस बार उन्हें किस्मत की भी जरूरत नहीं पड़ी। वह पारी ठीक वैसी ही थी जैसी उन्हें चाहिए थी। उसका आत्मविश्वास वापस आ गया है। ’’ और यह रविवार को बारसपारा स्टेडियम में तीसरे मैच में जिस तरह से उसने बल्लेबाजी की, उससे साफ पता चल रहा था। इस बार सूर्यकुमार एक अलग स्थिति में बल्लेबाजी करने आए। भारत 154 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए सिर्फ 3.2 ओवर में 53 रन पर दो विकेट गंवा चुका था।

सूर्यकुमार के पास क्रीज पर जमने के लिए काफी समय था। और उन्होंने आठ गेंद में आठ रन बनाए। साथ ही धुआंधार बल्लेबाजी कर रहे अभिषेक शर्मा को अपना काम करने दिया। सूर्यकुमार ने कभी भी अपने युवा जोड़ीदार से आगे निकलने की कोशिश नहीं की जो 345 के स्ट्राइक-रेट से रन बना रहा था। लेकिन 35 साल के खिलाड़ी ने समझदारी से गेंदबाजों को चुना, इस बार स्पिनरों को। ग्लेन फिलिप्स की पांच गेंद में 15 रन, ईश सोढ़ी की आठ गेंदों में 14 और मिचेल सैंटनर की आठ गेंद में 18 रन बनाए। यह साफ संकेत था कि सूर्यकुमार ने अपनी लय हासिल कर ली है। पूर्व भारतीय सलामी बल्लेबाज आकाश चोपड़ा ने भी इसी बात को दोहराया। उन्होंने एक चैट शो के दौरान कहा, ‘‘ऐसा लगा कि उन्हें अहसास हो गया कि उन्हें क्रीज में कुछ समय बिताना होगा। आपको यह मानना ​​होगा कि आपको रनों की जरूरत है। इसलिए जमीन पर ज्यादा शॉट खेलने होंगे और ज्यादा मौके नहीं लेने होंगे।

Mukesh Kumar
Mukesh Kumarhttps://jagoindiajago.news/
समाचार लेखन की दुनिया में एक ऐसा नाम जो सटीकता, निष्पक्षता और रचनात्मकता का सुंदर संयोजन प्रस्तुत करता है। हर विषय को गहराई से समझकर उसे आसान और प्रभावशाली अंदाज़ में पाठकों तक पहुँचाना मेरी खासियत है। चाहे वो ब्रेकिंग न्यूज़ हो, सामाजिक मुद्दों पर विश्लेषण या मानवीय कहानियाँ – मेरा उद्देश्य हर खबर को इस तरह पेश करना है कि वह सिर्फ जानकारी न बने बल्कि सोच को भी झकझोर दे। पत्रकारिता के प्रति यह जुनून ही मेरी लेखनी की ताकत है।
RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular