जोधपुर/बालोतरा। राजस्थान के जोधपुर से सांचौर जा रही एक निजी बस बालोतरा जिले के कल्याणपुर क्षेत्र में भीषण सड़क हादसे का शिकार हो गई। सरवडी गांव के पास ओवरटेक के दौरान बस ट्रेलर की चपेट में आ गई। हादसे में छह लोगों की मौत हो गई, जबकि सात से अधिक यात्री घायल बताए जा रहे हैं।
ड्राइवर साइड पूरी तरह क्षतिग्रस्त
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस का ड्राइवर साइड बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। स्लीपर कोच के शीशे टूटकर अंदर बिखर गए, जिससे कई यात्री बस के भीतर फंस गए।
ग्रामीणों ने शुरू किया राहत कार्य
हादसे के तुरंत बाद स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया। लोगों ने बस के इमरजेंसी गेट और टूटे कांच के रास्ते अंदर फंसे यात्रियों को बाहर निकाला।
घायलों को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया है, जहां उनका उपचार जारी है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार ओवरटेक के दौरान संतुलन बिगड़ने से यह हादसा हुआ।




