मेरठ (उप्र)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज मेरठ में ‘नमो भारत ट्रेन’ और ‘मेरठ मेट्रो रेल सेवा’ का उद्घाटन करेंगे। इसके साथ ही वह कई विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करने के बाद एक जनसभा को भी संबोधित करेंगे।
तय कार्यक्रम
जिला प्रशासन के अनुसार प्रधानमंत्री पूर्वाह्न 11 बजे गाजियाबाद के हिंडन हवाई अड्डे पर पहुंचेंगे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सवा 11 बजे शताब्दी नगर स्टेशन के पास मोहकमपुर स्थित हेलीपैड पर पहुंचेंगे। प्रधानमंत्री का हेलीकॉप्टर करीब 11 बजकर 30 मिनट पर उसी हेलीपैड पर उतरेगा, जहां मुख्यमंत्री उनका स्वागत करेंगे।
दोपहर में ट्रेनों को हरी झंडी
दोपहर 12 बजकर 30 मिनट पर प्रधानमंत्री शताब्दी नगर स्टेशन से ‘नमो भारत ट्रेन’ और ‘मेरठ मेट्रो’ को हरी झंडी दिखाएंगे। इसके बाद प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री मेट्रो से मेरठ साउथ स्टेशन तक यात्रा करेंगे।
जनसभा को करेंगे संबोधित
इसके बाद प्रधानमंत्री मोहिउद्दीनपुर पहुंचेंगे, जहां वह अपराह्न एक बजे जनसभा को संबोधित करेंगे। सभा से पहले विभिन्न विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन भी किया जाएगा। कार्यक्रम के समापन के बाद प्रधानमंत्री अपराह्न करीब 2 बजकर 10 मिनट पर मोहिउद्दीनपुर हेलीपैड से हिंडन हवाई अड्डे के लिए रवाना होंगे।
आरआरटीएस कॉरिडोर का अहम हिस्सा
‘नमो भारत’ सेवा दिल्ली-गाजियाबाद-मेरठ रीजनल रैपिड ट्रांजिट सिस्टम कॉरिडोर का हिस्सा है, जिसका उद्देश्य दिल्ली और मेरठ के बीच तेज और बेहतर कनेक्टिविटी सुनिश्चित करना है।




