Petrol Diesel Excise Duty Cut: कच्चे तेल संकट के बीच केंद्र सरकार ने बड़ा फैसला किया है. केंद्र सरकार ने पेट्रोल और डीजल पर लगने वाली एक्साइज ड्यूटी को घटा दिया है. पेट्रोल पर लगने वाली एक्साइज ड्यूटी को 13 रुपए से घटाकर 3 रुपये कर दिया गया है, जबकि डीजल पर एक्साइज ड्यूटी जीरो कर दिया गया है. पेट्रोल-डीजल की कीमतों को बढ़ने से रोकने के लिए सरकार की तरफ से यह निर्णय लिया गया है.
दरअसल, ईरान युद्ध के कारण बड़ा ऊर्जा संकट खड़ा हो गया है और अंतर्राष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल के दाम भी आसमान छू रहे हैं. ऐसे में ऑयल मार्केटिंग कंपनियों के लिए बिना पेट्रोल-डीजल की कीमत बढ़ाए बिना ऑपरेशन जारी रखना कठिन हो गया है. यही कारण है कि सरकार जो एक्साइज ड्यूटी लेती है, उसे घटा दिया गया है.
क्या पेट्रोल-डीजल होगा सस्ता ?
एक्साइज ड्यूटी कम करने के बाद अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या इससे पेट्रोल-डीजल के दाम घट जाएंगे. दरअसल वर्तमान में इंटरनेशन मार्केट में क्रूड ऑयल की कीमतें 100 डॉलर प्रति बैरल के पार पहुंच गई है. इसके कारण भारतीय तेल कंपनियां हर लीटर पेट्रोल और डीजल की बिक्री पर करीब 48.8 रुपये का नुकसान उठा रही हैं. सरकार की ओर से दी गई 10 रुपये की राहत से कंपनियां अपने घाटे को कम करने के लिए उपयोग करेंगी. इसका अर्थ है कि ग्राहकों को इसका सीधा लाभ नहीं मिलेगा.
ईरान युद्ध के कारण कच्चे तेल की कीमतें बढ़ीं
ईरान ने स्ट्रेट ऑफ हार्मुज पर नाकाबंदी कर दी है. यह वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति का महत्वपूर्ण मार्ग है. इसी रास्ते से दुनिया के करीब 20-25 प्रतिशत कच्चे तेल और गैस की आपूर्ति होती है. ऊर्जा आपूर्ति बाधित होने से कच्चे तेल की कीमतों में उबाल आ गया है.
ये भी पढ़ें: ईरान के ऊर्जा प्लांट्स पर अब 10 दिन तक हमले नहीं करेगा अमेरिका, डोनाल्ड ट्रंप का ऐलान, कहा- ‘बातचीत अच्छी चल रही’



