Monday, February 2, 2026
HomePush NotificationIND vs PAK : भारत के खिलाफ टी20 मैच से पाक के...

IND vs PAK : भारत के खिलाफ टी20 मैच से पाक के हटने पर जम्मू-कश्मीर के नेताओं ने कहा, राजनीति को खेल से न जोड़ें

टी20 विश्व कप में भारत के खिलाफ मैच से हटने के पाकिस्तान सरकार के फैसले पर जम्मू-कश्मीर में तीखी प्रतिक्रियाएं आईं। उपमुख्यमंत्री सुरिंदर चौधरी ने कहा कि इससे भारत पर कोई असर नहीं पड़ेगा और खेल को राजनीति से अलग रखना चाहिए। पीडीपी और नेकां नेताओं ने क्रिकेट संबंधों से सद्भाव बढ़ाने की वकालत की, जबकि कुछ नेताओं ने पाकिस्तान पर कड़े कदम उठाने की मांग की।

IND vs PAK : जम्मू। कोलंबो में भारत के खिलाफ 15 फरवरी को होने वाले टी20 विश्व कप मुकाबले से हटने संबंधी पाकिस्तान सरकार के फैसले को लेकर जम्मू कश्मीर में कड़ी प्रतिक्रिया देखने को मिली है। एक ओर जहां कुछ नेताओं ने कहा कि राजनीति को खेल के साथ नहीं मिलाना चाहिए, वहीं अन्य ने दोनों पड़ोसी देशों के बीच खेल संबंधों को मजबूत करने की वकालत की। उपमुख्यमंत्री सुरिंदर कुमार चौधरी ने कहा कि पाकिस्तान के फैसले का भारत पर कोई असर नहीं पड़ेगा, लेकिन खेल और राजनीति को अलग-अलग रखना चाहिए।उन्होंने कहा, ‘‘अगर पाकिस्तान (भारत के खिलाफ) नहीं खेलता है तो क्या होगा? इस फैसले से हमें कोई फर्क नहीं पड़ता। भारत एक बहुत बड़ा देश है, और पाकिस्तान के न खेलने से हम पर किसी भी तरह का कोई असर नहीं पड़ता।’’

चौधरी ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘इसलिए, मुझे लगता है कि इस मुद्दे पर ज्यादा ध्यान देने की जरूरत नहीं है। हम पाकिस्तान या इस विषय पर दोबारा चर्चा नहीं करना चाहते।’’ इस बात पर जोर देते हुए कि भारत हमेशा से खेल और राजनीति को आपस में जोड़े जाने का विरोध करता रहा है, नेशनल कॉन्फ्रेंस (नेकां) नेता ने कहा, ‘‘इतिहास गवाह है कि जब भी राजनीति खेलों में आई है, इसने खेल को बर्बाद कर दिया है…।’’ पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) विधायक वाहिद रहमान पारा ने दोनों देशों के बीच सद्भाव को बढ़ावा देने के लिए क्रिकेट संबंधों की वकालत की। उन्होंने संवाददाताओं से कहा, ‘‘भारत और पाकिस्तान को क्रिकेट खेलना चाहिए, क्योंकि खेल का मूल उद्देश्य देशों के बीच सद्भाव को बढ़ावा देना है।’’ पारा ने वर्तमान स्थिति को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि खेलों के माध्यम से हालात सामान्य बनाने से पीछे नहीं हटना चाहिए, क्योंकि क्रिकेट ने अतीत में सद्भाव बढ़ाने में योगदान दिया है।

कैबिनेट मंत्री एवं नेकां नेता सतीश शर्मा ने कहा कि पाकिस्तान को खेलने से इनकार करने का कोई हक नहीं है और उन्होंने जोर देकर कहा कि भारत को कड़े फैसले लेने चाहिए। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान पिछले करीब 75 वर्षों से एक ही तरह का खेल खेल रहा है, जबकि क्रिकेट के क्षेत्र में भारत का कोई सानी नहीं है। नेकां विधायक हसनैन मसूदी ने भी इस बात पर जोर दिया कि खेल को राजनीति से अलग रखा जाना चाहिए। उन्होंने कहा, ‘‘मेरे विचार में, खेल को राजनीति से अलग रखना चाहिए। खेल कभी-कभी रिश्तों को सुधारने का माध्यम बन सकता है, लेकिन राजनीतिक मुद्दों को खेल में नहीं लाना चाहिए।’’ पाकिस्तान सरकार ने रविवार को सोशल मीडिया पर पोस्ट किया, ‘‘पाकिस्तान सरकार आईसीसी टी20 विश्व कप 2026 में अपनी क्रिकेट टीम की भागीदारी को मंजूरी देती है, हालांकि यह टीम 15 फरवरी 2026 को भारत के खिलाफ निर्धारित मैच में मैदान पर नहीं उतरेगी।’’

Mukesh Kumar
Mukesh Kumarhttps://jagoindiajago.news/
समाचार लेखन की दुनिया में एक ऐसा नाम जो सटीकता, निष्पक्षता और रचनात्मकता का सुंदर संयोजन प्रस्तुत करता है। हर विषय को गहराई से समझकर उसे आसान और प्रभावशाली अंदाज़ में पाठकों तक पहुँचाना मेरी खासियत है। चाहे वो ब्रेकिंग न्यूज़ हो, सामाजिक मुद्दों पर विश्लेषण या मानवीय कहानियाँ – मेरा उद्देश्य हर खबर को इस तरह पेश करना है कि वह सिर्फ जानकारी न बने बल्कि सोच को भी झकझोर दे। पत्रकारिता के प्रति यह जुनून ही मेरी लेखनी की ताकत है।
RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular