मुंबई। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने आज घोषणा की कि वियतनाम की प्रमुख कंपनी विनग्रुप अगले दो वर्षों में राज्य में कुल 8.5 अरब डॉलर का निवेश करेगी। यह निवेश इलेक्ट्रिक वाहन, बुनियादी ढांचा, पर्यटन, मनोरंजन और स्वच्छ ऊर्जा जैसे कई क्षेत्रों में किया जाएगा। उन्हों ने कि इन परियोजनाओं से राज्य में लगभग 24,700 नए रोजगार अवसर उत्पन्न होंगे। फडणवीस की उपस्थिति में विनग्रुप, राज्य उद्योग विभाग और मुंबई महानगर क्षेत्र विकास प्राधिकरण (एमएमआरडीए) के बीच एक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए गए।
फडणवीस ने कहा, विनग्रुप सही समय और सही जगह पर निवेश कर रहा है। मुंबई और रायगढ़ क्षेत्र आने वाले समय में वैश्विक स्तर पर सबसे गतिशील शहरी क्षेत्रों के रूप में उभरेंगे। उन्होंने राज्य सरकार की ओर से कंपनी को पूर्ण सहयोग का भरोसा भी दिलाया। आधिकारिक बयान के अनुसार, विनग्रुप लगभग 5,000 एकड़ क्षेत्र में विभिन्न परियोजनाएं विकसित करने का प्रस्ताव रख रही है। इसके तहत लगभग 2,700 एकड़ में अत्याधुनिक स्मार्ट टाउनशिप बनाई जाएगी, जहां लगभग दो लाख लोगों के रहने और काम करने की व्यवस्था होगी।
इलेक्ट्रिक वाहन के क्षेत्र में कंपनी बड़े पैमाने पर इलेक्ट्रिक टैक्सी सेवा शुरू करने और पूरे राज्य में चार्जिंग नेटवर्क स्थापित करने की योजना बना रही है। इसके अलावा, सामाजिक बुनियादी ढांचे के तहत अंतरराष्ट्रीय स्तर के स्कूल और अस्पताल भी विकसित किए जाएंगे।स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देने के लिए विनग्रुप 1,200 एकड़ में 500 मेगावाट की सौर ऊर्जा परियोजना स्थापित करेगी। राज्य में पर्यटन को प्रोत्साहित करने के लिए लगभग 865 एकड़ में अंतरराष्ट्रीय स्तर का थीम पार्क, चिड़ियाघर और सफारी बनाने का भी प्रस्ताव है।
इस निवेश से न केवल महाराष्ट्र में आर्थिक गतिविधियां बढ़ेंगी, बल्कि रोजगार के अवसर और बुनियादी ढांचे का विस्तार भी होगा। विशेषज्ञों का मानना है कि विनग्रुप का यह कदम राज्य में निवेश और वैश्विक निवेशकों के लिए एक सकारात्मक संकेत देगा। मुख्यमंत्री फडणवीस ने कहा कि सरकार कंपनी को हर संभव सहयोग प्रदान करेगी और निवेश से राज्य की अर्थव्यवस्था और सामाजिक विकास दोनों को मजबूती मिलेगी।



