Earthquake in Kolkata: बांग्लादेश के कुछ हिस्सों में 5.5 तीव्रता का भूकंप का झटका महसूस किए जाने के बाद कोलकाता और आसपास के जिलों में शुक्रवार दोपहर झटके महसूस किए गए. भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के एक अधिकारी ने कहा कि भूकंप दोपहर 1 बजकर 22 मिनट पर महसूस किया गया. उन्होंने कहा कि भूकंप धरती की सतह से 10 किलोमीटर की गहराई में दर्ज किया गया.
कोलकाता से 100 किमी दूर था भूकंप का केंद्र
अधिकारी ने बताया कि भूकंप का केंद्र बांग्लादेश के नयाबाजार नामक स्थान में था, जो कोलकाता से लगभग 100 किलोमीटर दूर है. भूकंप से जानमाल के नुकसान की तत्काल कोई सूचना नहीं है. भूकंप के झटके लगभग 10 सेकंड तक महसूस किए गए जिससे कोलकाता के लोग घबरा कर अपने अपने घरों से निकलकर खुली सड़कों पर आ गए.भूकंप के पहले झटके के तुरंत बाद कोई और झटका महसूस नहीं किया गया.
#WATCH पश्चिम बंगाल: बांग्लादेश में ढाका के अगरगांव में BMD सिस्मिक सेंटर से दक्षिण-पश्चिम में रिक्टर स्केल पर 5.4 मैग्नीट्यूड का भूकंप आया। कोलकाता, पश्चिम बंगाल में भी झटके महसूस किए गए।
— ANI_HindiNews (@AHindinews) February 27, 2026
कोलकाता शहर से लोगों के अपने घरों से बाहर निकलते हुए वीडियो। pic.twitter.com/sM2m69I9Uh
भूकंप के झटकों से फैली दहशत
भूकंप के कारण राज्य सचिवालय ‘नबान्न’, विधानसभा भवन और मुख्य निर्वाचन अधिकारी के कार्यालय में काम करने वाले सरकारी कर्मचारियों में दहशत फैल गई, जो भूकंप के बाद के झटकों की आशंका में कार्यालय से निकलकर सड़कों पर आ गए. कोलकाता के आईटी हब सॉल्ट लेक और विभिन्न हिस्सों में स्थित बहुमंजिला आवासीय भवनों में भी इसी तरह के दृश्य देखने को मिले।
ये भी पढ़ें: बेहतर निगरानी से ही रुकेगा गैस दुरुपयोग, जिम्मेदार कब जागेंगे ?




