Thursday, February 12, 2026
HomePush Notificationकांग्रेस सांसदों को राहुल को समझाना चाहिए कि वह सदन में नियमों...

कांग्रेस सांसदों को राहुल को समझाना चाहिए कि वह सदन में नियमों का उल्लंघन कर नहीं बोल सकते : किरेन रीजीजू

संसदीय कार्य मंत्री किरेन रीजीजू ने कहा कि उन्होंने कांग्रेस सांसदों से राहुल गांधी को लोकसभा के नियम समझाने को कहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि नियमों का उल्लंघन कर बोलने पर राहुल के खिलाफ विशेषाधिकार हनन का नोटिस दिया जा सकता है। यह बयान राहुल द्वारा भारत-अमेरिका व्यापार समझौते पर सरकार की आलोचना और सदन को गुमराह करने के आरोपों के बाद आया है।

Kiren Rijiju Rahul Gandhi controversy : नई दिल्ली। संसदीय कार्य मंत्री किरेन रीजीजू ने बृहस्पतिवार को कहा कि उन्होंने कांग्रेस के कई सांसदों से लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को यह समझाने के लिए कहा है कि यदि वह सदन में नियमों और प्रक्रियाओं का उल्लंघन करते हुए बोलते हैं तो उनके खिलाफ विशेषाधिकार हनन का नोटिस दिया जा सकता है। सदन को ‘‘गुमराह’’ करने और ‘‘बेबुनियाद बयान’’ देने के लिए राहुल के खिलाफ विशेषाधिकार हनन का प्रस्ताव लाने संबंधी नोटिस देने की अपनी घोषणा के एक दिन बाद रीजीजू ने यह बात कही।

विशेषाधिकार हनन के नोटिस के बारे में पूछे जाने पर रीजीजू ने बृहस्पतिवार को संसद भवन परिसर में संवाददाताओं से कहा, ‘‘मैंने कांग्रेस के कई सांसदों से कहा है कि उन्हें राहुल गांधी को थोड़ा समझाना चाहिए कि नियमों को दरकिनार कर बोलने पर (राहुल के खिलाफ) विशेषाधिकार हनन का नोटिस दिया जा सकता है।’’ संसदीय कार्य मंत्री ने कहा, ‘‘मैंने उनसे कहा है कि वे राहुल गांधी को समझाएं। हो सकता है उन्हें लोकसभा के नियमों की जानकारी न हो।’’ रीजीजू ने कहा कि कांग्रेस के कई सांसद ‘‘शिक्षित और परिपक्व’’ हैं। उन्होंने कहा, ‘‘वे नियमों के अनुसार काम करते हैं। इन लोगों को राहुल गांधी को समझाना चाहिए।’’ उन्होंने कहा, ‘‘राहुल गांधी ने कई नियमों का उल्लंघन किया है। हम नियमों का पालन करते हैं। हम नियमों का उल्लंघन नहीं करते।’’

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष ने अमेरिका के साथ व्यापार समझौते को लेकर बुधवार को आरोप लगाया था कि नरेन्द्र मोदी सरकार झुक गई और उसे इस पर शर्म आनी चाहिए। उन्होंने बजट पर चर्चा में भाग लेते हुए यह दावा भी किया था कि भारत की ऊर्जा सुरक्षा अमेरिका के हाथों में सौंप दी गई और किसानों के हितों से समझौता किया गया। सदन में राहुल गांधी द्वारा अपना भाषण पूरा करने के शीघ्र बाद, रीजीजू ने नेता प्रतिपक्ष की आलोचना की और उनके भाषण को ‘‘असत्य से भरा’’ करार दिया था। संसदीय कार्य मंत्री ने कहा था कि सत्तारूढ़ गठबंधन नेता प्रतिपक्ष द्वारा किये गए ‘‘असत्य’’ दावों को सदन की कार्यवाही से हटाये जाने का अनुरोध करेगा।

Mukesh Kumar
Mukesh Kumarhttps://jagoindiajago.news/
समाचार लेखन की दुनिया में एक ऐसा नाम जो सटीकता, निष्पक्षता और रचनात्मकता का सुंदर संयोजन प्रस्तुत करता है। हर विषय को गहराई से समझकर उसे आसान और प्रभावशाली अंदाज़ में पाठकों तक पहुँचाना मेरी खासियत है। चाहे वो ब्रेकिंग न्यूज़ हो, सामाजिक मुद्दों पर विश्लेषण या मानवीय कहानियाँ – मेरा उद्देश्य हर खबर को इस तरह पेश करना है कि वह सिर्फ जानकारी न बने बल्कि सोच को भी झकझोर दे। पत्रकारिता के प्रति यह जुनून ही मेरी लेखनी की ताकत है।
RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular