CM Bhajan Lal Sharma Bandikui Rally : दौसा। सीएम भजनलाल शर्मा ने दौसा जिले के बांदीकुई में आयोजित सभा को संबोधित करते हुए सामाजिक सुधारकों ज्योतिराव फुले और सावित्रीबाई फुले के योगदान को याद किया। उन्होंने कहा कि महात्मा ज्योतिबा फुले ने समाज में शिक्षा और सामाजिक समानता की अलख जगाई, जबकि सावित्रीबाई फुले ने महिला शिक्षा को आगे बढ़ाने में ऐतिहासिक भूमिका निभाई। उनके प्रयासों की बदौलत आज देश में महिला शिक्षा का विस्तार हुआ है और समाज प्रगति की राह पर आगे बढ़ रहा है।
सामाजिक एकता और समरसता ही देश के विकास की सबसे बड़ी ताकत : भजनलाल
मुख्यमंत्री ने कहा कि सामाजिक एकता और समरसता ही देश के विकास की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत का गौरव वैश्विक स्तर पर बढ़ा है। उन्होंने युवाओं, महिलाओं, किसानों और मजदूरों को देश के विकास के चार प्रमुख स्तंभ बताते हुए कहा कि सरकार इन वर्गों के सशक्तिकरण के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
सभा के दौरान मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि उसने महात्मा फुले के सिद्धांतों की उपेक्षा की। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत पर तंज कसते हुए कहा कि वे “ट्विटर मास्टर” बन गए हैं, लेकिन उनकी जादूगरी ब्रज क्षेत्र में नहीं चलने वाली। मुख्यमंत्री ने बांदीकुई क्षेत्र के विकास के लिए करीब 607 करोड़ रुपये की लागत से 200 विकास कार्यों की सौगात देने की घोषणा की। साथ ही बांदीकुई में रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) के निर्माण और सावित्रीबाई फुले के नाम पर ई-लाइब्रेरी स्थापित करने की भी घोषणा की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार शिक्षा और विकास के क्षेत्र में लगातार काम कर रही है। साथ ही चेतावनी दी कि अपराध में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि पिछली कांग्रेस सरकार के दौरान कई भर्ती परीक्षाओं में पेपर लीक की घटनाएं सामने आई थीं, लेकिन वर्तमान सरकार के कार्यकाल में ऐसी कोई घटना नहीं हुई है।



