Monday, February 23, 2026
HomePush NotificationGurdaspur border outpost incident : सीएम भगवंत मान ने सीमा चौकी पर...

Gurdaspur border outpost incident : सीएम भगवंत मान ने सीमा चौकी पर मारे गए 2 पुलिसकर्मियों के परिजनों को 1-1 करोड़ रुपये देने की घोषणा की

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने पंजाब के गुरदासपुर में सीमा चौकी पर मृत मिले एएसआई गुरनाम सिंह और होमगार्ड अशोक कुमार के परिजनों को एक-एक करोड़ रुपये देने की घोषणा की। दोनों के शव गोली के घावों के साथ चौकी के अंदर मिले। पुलिस मामले की जांच कर रही है। घटना पर सुखबीर सिंह बादल ने राज्य की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाए।

Gurdaspur border outpost incident : चंडीगढ़। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने गुरदासपुर जिले में भारत-पाकिस्तान सीमा के पास एक चौकी में मृत पाए गए दो पुलिसकर्मियों के परिजनों को एक-एक करोड़ रुपये की अनुग्रह राशि देने की सोमवार को घोषणा की। गुरदासपुर जिले में अंतरराष्ट्रीय सीमा से लगभग दो किलोमीटर दूर स्थित अदियान गांव में तैनात एएसआई गुरनाम सिंह और होम गार्ड अशोक कुमार के शव रविवार को चौकी के अंदर मिले थे और उनके शरीर पर गोली लगी हुई थीं।

सीएम भगवंत मान ने की 1-1 करोड़ रुपये देने की घोषणा की

भगवंत मान ने ‘एक्स’ पर पोस्ट में कहा, कर्तव्य के लिए अपने प्राण न्योछावर करने वाले एएसआई गुरनाम सिंह और पंजाब होमगार्ड के जवान अशोक कुमार की वीरता और सर्वोच्च बलिदान को सलाम। पंजाब सरकार उनके परिवारों को एक-एक करोड़ रुपये की अनुग्रह राशि देगी, जबकि एचडीएफसी बैंक भी एक-एक करोड़ रुपये की अतिरिक्त बीमा राशि देगा। उन्होंने कहा, हम अपने शहीदों और उनके परिवारों के साथ मजबूती से खड़े हैं। उनका बलिदान हम सभी को सम्मान और साहस के साथ अपने कर्तव्यों का पालन करने की प्रेरणा देता है।

पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि सोमवार को फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का दौरा किया और मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। मामला तब सामने आया जब गांव के सरपंच कमलजीत सिंह को दोरांगला थाना प्रभारी ने सूचना दी कि दोनों पुलिसकर्मी फोन नहीं उठा रहे हैं। सुबह करीब सवा आठ बजे चेकपोस्ट पहुंचे सरपंच ने दोनों को मृत पाया और उनके शरीर पर गोली लगने के घाव थे। पुलिस के अनुसार एएसआई का शव कुर्सी पर मिला और हाथ जेब में थे, जबकि होम गार्ड का शव चारपाई पर था।

घटना के बाद खुद को तहरीक-ए-तालिबान हिंदुस्तान (टीटीएच) बताने वाले संगठन के कथित पोस्टर सोशल मीडिया पर वायरल हुए, जिनमें हत्या की जिम्मेदारी ली गई थी, हालांकि पुलिस के एक अधिकारी ने इस दावे को फर्जी बताया। जिस इलाके में शव मिले हैं, वह सीमा पार से ड्रोन के जरिये हेरोइन और हथियारों की तस्करी के लिए संवेदनशील माना जाता है। इस बीच, शिरोमणि अकाली दल के प्रमुख सुखबीर सिंह बादल ने घटना को लेकर पंजाब की आम आदमी पार्टी सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने ‘एक्स’ पर कहा, भगवंत मान को तुरंत हट जाना चाहिए। गृह मंत्री का पदभार भी संभाल रहे मुख्यमंत्री कानून-व्यवस्था को ताक पर रख रहे हैं। दो पुलिसकर्मियों की हत्या दिखाती है कि पंजाब में कोई सुरक्षित नहीं है। उन्होंने कहा, व्यापार, उद्योग और आम लोगों को डराने के बाद अब गैंगस्टर और आतंकी संगठन सीधे पुलिस को चुनौती दे रहे हैं। यह शासन नहीं, आत्मसमर्पण है।

Mukesh Kumar
Mukesh Kumarhttps://jagoindiajago.news/
समाचार लेखन की दुनिया में एक ऐसा नाम जो सटीकता, निष्पक्षता और रचनात्मकता का सुंदर संयोजन प्रस्तुत करता है। हर विषय को गहराई से समझकर उसे आसान और प्रभावशाली अंदाज़ में पाठकों तक पहुँचाना मेरी खासियत है। चाहे वो ब्रेकिंग न्यूज़ हो, सामाजिक मुद्दों पर विश्लेषण या मानवीय कहानियाँ – मेरा उद्देश्य हर खबर को इस तरह पेश करना है कि वह सिर्फ जानकारी न बने बल्कि सोच को भी झकझोर दे। पत्रकारिता के प्रति यह जुनून ही मेरी लेखनी की ताकत है।
RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular