Saturday, April 11, 2026
HomePush Notificationकानून व्यवस्था पर सख्त मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, पुलिस को निर्देश-अपराध रोकें, लापरवाही...

कानून व्यवस्था पर सख्त मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, पुलिस को निर्देश-अपराध रोकें, लापरवाही पर तय होगी जिम्मेदारी

सीएम भजनलाल शर्मा ने कानून-व्यवस्था की समीक्षा बैठक में अपराध पर ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति को सरकार की प्राथमिकता बताया। उन्होंने पुलिस को एफआईआर के समयबद्ध अनुसंधान, साइबर क्राइम की सख्त मॉनिटरिंग और मादक पदार्थों की तस्करी पर कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि अपराध पर त्वरित कार्रवाई से पीड़ितों को जल्द न्याय मिलेगा और पुलिस अधिकारियों को जिम्मेदारी तय करते हुए नियमित निरीक्षण और जनसुनवाई सुनिश्चित करनी होगी।

Rajasthan Law and Order : जयपुर। सीएम भजनलाल शर्मा (CM Bhajan Lal Sharma) ने कहा कि मजबूत कानून-व्यवस्था और अपराध पर ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने निर्देश दिए कि पुलिस थानों में दर्ज होने वाली एफआईआर का समयबद्ध अनुसंधान सुनिश्चित किया जाए और किसी भी प्रकार की लापरवाही पर संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी तय की जाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि अपराधों पर त्वरित और प्रभावी कार्रवाई से ही पीड़ितों को जल्द न्याय और राहत मिल सकती है। इसलिए जरूरी है कि अपराध को शुरुआती स्तर पर ही रोकने के लिए पुलिस तंत्र पूरी सतर्कता के साथ काम करे।

शर्मा शुक्रवार को पुलिस मुख्यालय में प्रदेश की कानून-व्यवस्था को लेकर आयोजित एक उच्चस्तरीय बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों के कार्यों का स्पष्ट निर्धारण कर जिम्मेदारी तय करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि स्थानीय स्तर पर प्रतिदिन जनसुनवाई आयोजित की जाए और अपराधों तथा लंबित प्रकरणों के निस्तारण की जिलेवार रिपोर्ट तैयार की जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि पुलिस अधीक्षक नियमित रूप से थानों का निरीक्षण करें, जबकि पुलिस महानिरीक्षक एसपी कार्यालयों की समीक्षा करें। साथ ही, पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भी जिलों का नियमित दौरा कर कानून-व्यवस्था की स्थिति पर नजर रखें।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पुलिस तंत्र को मजबूत करने के लिए राज्य सरकार सभी साधन-संसाधन देने को तत्पर है। उन्होंने कहा कि साइबर क्राइम की प्रतिदिन उच्च स्तरीय मॉनिटरिंग हो तथा पीडितों से भी संवाद किया जाए। उन्होंने भारतीय न्याय संहिता एवं साइबर क्राइम पर रोकथाम के लिए पुलिसकर्मियों को विशेष प्रशिक्षण देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नवीन कानूनों के तहत एफआईआर, ई-एफआईआर और चार्जशीट के ई-रेकार्ड का नियमित अपडेशन हो। शर्मा ने विशेष कार्ययोजना बनाकर मादक पदार्थों की तस्करी को जड़ से खत्म करने के साथ ही सीमावर्ती इलाकों की विशेष निगरानी करने के निर्देश दिए। उन्होंने गैंगस्टर्स एवं संगठित अपराधों के लोकल नेटवर्क को खत्म करने की दिशा में कार्य करने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पुलिस के कंधों पर पूरे समाज की जिम्मेदारी होती है। साथ ही, प्रदेश में निवेश अनुकूल माहौल बनाने में कानून-व्यवस्था की अहम भूमिका है। उन्होंने कहा कि सभी पुलिसकर्मी आमजन से व्यवहार को लेकर सदैव सजग रहें तथा कम्यूनिटी पुलिसिंग को ज्यादा प्रभावी बनाने के लिए अधिक से अधिक लोगों को जोड़ें। उन्होंने सीएलजी के सदस्यों में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री शर्मा ने बैठक के पश्चात् मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि हमारी सरकार अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए जीरो टॉलरेंस की नीति पर कार्य कर रही है। पिछले सवा दो वर्षों में प्रदेश में कुल अपराधों में उल्लेखनीय कमी आई है। हमारा ध्येय आमजन में विश्वास, अपराधियों में डर का है।

बैठक में बताया गया कि तीन नए कानूनों के क्रियान्वयन में राजस्थान का देश में तीसरा स्थान है। वर्ष 2023 में बलात्कार एवं पोक्सो के प्रकरणों में अनुसंधान में लगने वाला औसत समय क्रमशः 107 व 103 दिन था, जो कि अब 42 व 40 दिन ही रह गया है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि वर्ष 2023 से 2025 में कुल अपराधों में 18.77 प्रतिशत की कमी आई है। इसी प्रकार इस समयावधि में हत्या के मामलों में 25.68 प्रतिशत की कमी, डकैती में 47.26 प्रतिशत की कमी, लूट प्रकरणों में 50.75 प्रतिशत की कमी, अपहरण के मामलों में 12.24 प्रतिशत की कमी, नकबजनी व चोरी के मामलों में 33.75 प्रतिशत की कमी एवं महिला अत्याचार में 9.94 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई है। वहीं, एससी-एसटी के विरुद्ध अपराधों में 28.29 प्रतिशत की कमी आई है।               

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि एसआईटी का गठन कर पेपरलीक व नकल माफिया के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करने के साथ ही ओएमआर घोटाले, डमी अभ्यर्थी, फर्जी डिग्री एवं फर्जी दिव्यागंता प्रमाण पत्र पर लगातार एक्शन लिया जा रहा है। इसी के चलते वर्तमान सरकार के कार्यकाल में किसी भी भर्ती परीक्षा में पेपरलीक की घटना नहीं हुई है। इस दौरान गृह राज्यमंत्री श्री जवाहर सिंह बेढ़म, मुख्य सचिव श्री वी. श्रीनिवास, पुलिस महानिदेशक श्री राजीव कुमार शर्मा सहित मुख्यमंत्री कार्यालय, गृह विभाग एवं राजस्थान पुलिस के वरिष्ठ अधिकारीगण उपस्थित रहे। बैठक में संभाग व जिला स्तर से पुलिस महानिरीक्षक एवं पुलिस अधीक्षक वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से जुड़े।

Mukesh Kumar
Mukesh Kumarhttps://jagoindiajago.news/
समाचार लेखन की दुनिया में एक ऐसा नाम जो सटीकता, निष्पक्षता और रचनात्मकता का सुंदर संयोजन प्रस्तुत करता है। हर विषय को गहराई से समझकर उसे आसान और प्रभावशाली अंदाज़ में पाठकों तक पहुँचाना मेरी खासियत है। चाहे वो ब्रेकिंग न्यूज़ हो, सामाजिक मुद्दों पर विश्लेषण या मानवीय कहानियाँ – मेरा उद्देश्य हर खबर को इस तरह पेश करना है कि वह सिर्फ जानकारी न बने बल्कि सोच को भी झकझोर दे। पत्रकारिता के प्रति यह जुनून ही मेरी लेखनी की ताकत है।
RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular