प्रतीक चौवे, संपादक
Budget 2026 : सुना तो यही है कि खुशी छोटी-छोटी बातों में ढूंढी जाती है। आम बजट पेश हो गया तो खुशी इस पर भी मना ली जाए। हर बार की तरह, बजट ने सभी सेक्टर को बहुत कुछ दिया। आम आदमी को सीधी राहत नहीं मिली हो पर इसमें नाराज मत होइए। खुश इस बात पर हो जाइए कि सरकार ने 2047 तक बहुत कुछ करने की प्लानिंग कर ली है।

साल 2047 तक का विजन पेश करते हुए सरकार ने देश को आजादी के सौ साल पूरे होने तक एक विकसित भारत बनाने का सपना दिखाया है। यह सपना बड़ा है, आकर्षक है और सुनने में उम्मीद से भरा भी। तो आप चाहें तो इस पर भी खुश हो सकते हैं। सरकार का तर्क है कि अगर आज बड़े फैसले लिए जाएंगे, तो आने वाले वर्षों में देश समृद्ध होगा। यह सोच गलत नहीं है, लेकिन भविष्य का रास्ता वर्तमान से होकर ही गुजरता है, इसको सोचकर दु:खी मत होइए। आप खुश तो इस बात पर भी हो सकते हैं कि हो सकता है कि कुछ साल बाद देश दुनिया में टॉप पर हो।

वैसे कहा तो यह भी जाता है, बरसों की चिंता छोड़ो, वर्तमान में जियो। अब यहीं पर थोड़ा परेशान से हो गए। बजट बरसों बाद समृद्ध होने की कह रहा है और हम वर्तमान की मुश्किलों को रो रहे हैं। इसलिए कुछ समझौते भी कर लो, बजट कोई गीता-पुराण तो है नहीं जो एक बार लिख दिया गया। यह तो हर साल लिखा-बनाया जाता है। अगले साल फिर देख लेंगे। आप तो खुश रहिए, बजट तो आम आदमी को हमेशा चिढ़ाकर चला जाता है।




