Pune Mayor Manjusha Nagpure: भारतीय जनता पार्टी (BJP) की पार्षद मंजुषा नागपुरे सोमवार को पुणे महानगरपालिका (PMC) की निर्विरोध महापौर चुनी गईं, जबकि रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया (आठवले) के परशुराम वाडेकर उपमहापौर बने हैं. राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) की शीतल सावंत और कांग्रेस नेता अश्विनी लांडगे ने महापौर पद के चुनाव से अपना नाम वापस ले लिया, जबकि राकांपा पार्षद दत्तात्रेय बहिरात और कांग्रेस के साहिल केदारी ने उपमहापौर पद की दावेदारी से नाम वापस ले लिया.
RSS से करीबी रूप से जुड़ी हैं मंजुषा नागपुरे
सिंहगढ़ क्षेत्र की पार्षद नागपुरे, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) से करीबी रूप से जुड़ी हुई हैं. उन्होंने प्रबंधन में स्नातकोत्तर किया है. आरपीआई (आठवले) के वाडेकर ने उपमहापौर पद के लिए अपना नामांकन दाखिल किया था। उन्होंने पिछले महीने बोपोडी क्षेत्र से सहयोगी भाजपा के टिकट पर नगर निकाय चुनाव लड़ा था.
बीजेपी ने 165 में से 119 सीटें जीतीं
पुणे महानगरपालिका की 165 सीटों में से भाजपा ने 119 सीटें जीतीं, जबकि अजित पवार की राकांपा और शरद पवार के नेतृत्व वाली राकांपा (शप) ने कुल 30 सीटें हासिल कीं. कांग्रेस को 15 सीटें मिलीं और उसकी सहयोगी शिवसेना (उबाठा) को सिर्फ एक सीट मिली.
केंद्रीय मंत्री और पुणे से लोकसभा सदस्य मुरलीधर मोहोल ने कहा कि वह शहर के नगर निकाय में भाजपा को बहुमत से चुनने के लिए लोगों के आभारी हैं. उन्होंने यहां पत्रकारों से कहा, ‘इसके परिणामस्वरूप, आज हमारे पार्षद नागपुरे और वाडेकर निर्विरोध क्रमश: महापौर और उपमहापौर चुने गए.’




