Bihar Election 2025 : बिहार विधानसभा चुनाव के प्रथम चरण के मतदान से कुछ घंटे पहले जनसुराज के उम्मीदवार संजय सिंह ने पार्टी छोड़कर भाजपा का दामन थाम लिया। भाजपा के मुंगेर प्रभारी राजेश झा के अनुसार, संजय सिंह ने भाजपा उम्मीदवार कुमार प्रणय और अन्य वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। इस मौके पर उन्होंने कहा कि उनका यह निर्णय ‘‘विकास और स्थिर सरकार’’ की दिशा में उठाया गया कदम है।
मुंगेर विधानसभा सीट पर दिलचस्प हुआ मुकाबला
संजय सिंह ने स्पष्ट किया कि वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीतियों से प्रभावित हैं और राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के साथ मिलकर अपने क्षेत्र के विकास के लिए कार्य करना चाहते हैं। माना जा रहा है कि जनसुराज के उम्मीदवार का भाजपा में शामिल होना पार्टी के लिए रणनीतिक रूप से लाभकारी साबित हो सकता है और यह कदम मुंगेर सीट के चुनावी समीकरणों को प्रभावित कर सकता है। इस बीच, प्रशांत किशोर के लिए यह घटनाक्रम एक चुनावी झटका माना जा रहा है। मुंगेर विधानसभा सीट पर अब मुकाबला और दिलचस्प हो गया है।

बता दें कि बिहार विधानसभा चुनाव का पहला चरण हमेशा से ही सियासी महासंग्राम का केंद्र रहा है। इस बार भी, पहले चरण की 121 सीटें न केवल दो प्रमुख गठबंधनों एनडीए और महागठबंधन के लिए, बल्कि पहली बार लड़ाई में उतरे जनसुराज के लिए भी निर्णायक महत्व रखती हैं।
121 सीटों पर पिछली बार हुआ था कड़ा मुकाबला
पिछले चुनाव (2020) में इन 121 सीटों पर दोनों गठबंधनों के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिली थी। तेजस्वी यादव की अगुवाई में महागठबंधन को 61 सीटों पर जीत हासिल हुई थी। जबकि नीतीश कुमार के नेतृत्व में एनडीए 59 सीटों पर चुनाव जीत सका था। एक सीट लोजपा के खाते में गई थी, जिसके विधायक बाद में जदयू में शामिल हो गए थे।पिछली बार, दोनों गठबंधनों के वोटों में महज कुछ हजार का अंतर रह गया था, और यही करीबी अंतर महागठबंधन को सरकार बनाने से 12 सीटों से पीछे छोड़ गया था।




