US India Trade News: अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रूस से तेल की खरीद को लेकर भारत पर लगाए गए 25 प्रतिशत अतिरिक्त शुल्क को हटा दिया है। ट्रंप ने कहा कि भारत ने इस दिशा में उल्लेखनीय कदम उठाए हैं और उसने रूस से प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से तेल आयात बंद करने की प्रतिबद्धता जताई है।
कार्यकारी आदेश के जरिए लिया गया फैसला
राष्ट्रपति ट्रंप ने शुक्रवार को एक कार्यकारी आदेश जारी करते हुए कहा कि उन्हें वरिष्ठ अधिकारियों से कार्यकारी आदेश 14066 के तहत घोषित राष्ट्रीय आपातकाल से निपटने को लेकर भारत के प्रयासों पर विस्तृत जानकारी और सिफारिशें मिली हैं। आदेश में कहा गया कि भारत ने रूस से तेल आयात रोकने की प्रतिबद्धता के साथ साथ अमेरिका से ऊर्जा उत्पाद खरीदने की इच्छा भी जताई है।
अमेरिका के साथ ऊर्जा और रक्षा सहयोग बढ़ाएगा भारत
ट्रंप ने कहा कि भारत ने स्पष्ट किया है कि वह अमेरिका से ऊर्जा उत्पाद खरीदेगा और हाल के महीनों में अगले 10 वर्षों के लिए रक्षा सहयोग बढ़ाने को लेकर दोनों देशों के बीच एक रूपरेखा पर सहमति बनी है। उन्होंने कहा कि इन कदमों से भारत और अमेरिका के बीच रणनीतिक साझेदारी और मजबूत होगी।
राष्ट्रीय सुरक्षा और विदेश नीति का हवाला
अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा कि उपलब्ध कराई गई जानकारी और सिफारिशों पर विचार करने के बाद यह निष्कर्ष निकाला गया कि भारत ने राष्ट्रीय सुरक्षा, विदेश नीति और आर्थिक मामलों में अमेरिका के साथ पर्याप्त तालमेल बिठाने के लिए ठोस कदम उठाए हैं। इसी आधार पर भारत से आयातित वस्तुओं पर लगाए गए अतिरिक्त मूल्य आधारित शुल्क को समाप्त करने का निर्णय लिया गया।
यह फैसला भारत और अमेरिका के व्यापारिक रिश्तों के लिहाज से अहम माना जा रहा है और इससे दोनों देशों के बीच आर्थिक सहयोग को नई गति मिलने की उम्मीद है।




