Monday, April 6, 2026
HomeNational NewsAssam Elections 2026 : मल्लिकार्जुन खरगे बोले- अमित शाह घुसपैठियों की सिर्फ...

Assam Elections 2026 : मल्लिकार्जुन खरगे बोले- अमित शाह घुसपैठियों की सिर्फ बातें करते हैं, उन्हें देश से बाहर नहीं निकालते

मल्लिकार्जुन खड़गे ने असम की चुनावी रैली में बीजेपी और अमित शाह पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा घुसपैठ के मुद्दे पर सिर्फ राजनीति करती है, लेकिन अवैध प्रवासियों को बाहर नहीं निकाल पाई। खरगे ने कहा कि यूपीए सरकार में अधिक निर्वासन हुए थे। उन्होंने असम में परिसीमन के दुरुपयोग और कॉरपोरेट को जमीन देने का आरोप भी लगाया।

Assam Elections 2026 : सिलचर। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने सोमवार को भाजपा, विशेष रूप से केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार में 10 साल से अधिक समय तक रहने के बावजूद भाजपा घुसपैठ के मुद्दे को केवल उठा रही है, लेकिन अवैध प्रवासियों को बड़ी संख्या में वापस भेजने में विफल रही है। खरगे ने कछार जिले के बोरखोला में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए यह भी आरोप लगाया कि भाजपा ने चुनाव जीतने के प्रयास में असम में परिसीमन प्रक्रिया का दुरुपयोग किया है। उन्होंने कहा, “जब अमित शाह यहां आते हैं, तो वे सिर्फ बांग्लादेशी घुसपैठियों की बात करते हैं। लेकिन भाजपा इन घुसपैठियों को बाहर नहीं निकालती, बल्कि उन्हें पालती-पोसती है। वह सिर्फ इनके नाम पर राजनीति करती है।”

वो सिर्फ घुसपैठियों की बातें करते हैं, उन्हें बाहर नहीं निकालते : खरगे

कांग्रेस नेता ने कहा कि भाजपा 10 साल से केंद्र और असम में सत्ता में है, लेकिन वह घुसपैठियों को नहीं निकाल सकी। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस के नेतृत्व वाली संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) सरकार के दौरान, 2005 से 2013 के बीच 88,792 अवैध प्रवासियों को देश से निर्वासित किया गया था। कांग्रेस अध्यक्ष खरगे ने आरोप लगाया, “लेकिन नरेन्द्र मोदी के शासनकाल में, 2014 से 2019 के बीच केवल 2,566 लोगों को ही निकाला गया। भाजपा, नरेन्द्र मोदी और अमित शाह सिर्फ चुनावी वादे करते हैं; वे वास्तविकता में कुछ नहीं करते।”

खरगे ने असम में चुनाव जीतने के प्रयास के तहत परिसीमन प्रक्रिया का कथित तौर पर दुरुपयोग करने के लिए भी भाजपा की आलोचना की। उन्होंने आरोप लगाया कि परिसीमन प्रक्रिया के दौरान, मुसलमानों को उन क्षेत्रों से हटा दिया गया, जहां वे बहुसंख्यक थे, जबकि अन्य लोगों को शामिल किया गया। उन्होंने दावा किया, “जिन क्षेत्रों में दलित और आदिवासी अधिक थे, वहां अन्य वर्गों के लोगों को शामिल किया गया।”

राज्यसभा में विपक्ष के नेता खरगे ने यह भी आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने असम में हजारों एकड़ जमीन एक कॉर्पोरेट घराने को ग्रीनफील्ड परियोजनाओं के नाम पर सौंप दी है। उन्होंने कहा, “भाजपा सरकार आपकी जमीन, जंगल, पानी, खदान और ऊर्जा बेच रही है। इसलिए याद रखें कि देश को बचाने के लिए भाजपा को सत्ता से हटाना जरूरी है।”

Mukesh Kumar
Mukesh Kumarhttps://jagoindiajago.news/
समाचार लेखन की दुनिया में एक ऐसा नाम जो सटीकता, निष्पक्षता और रचनात्मकता का सुंदर संयोजन प्रस्तुत करता है। हर विषय को गहराई से समझकर उसे आसान और प्रभावशाली अंदाज़ में पाठकों तक पहुँचाना मेरी खासियत है। चाहे वो ब्रेकिंग न्यूज़ हो, सामाजिक मुद्दों पर विश्लेषण या मानवीय कहानियाँ – मेरा उद्देश्य हर खबर को इस तरह पेश करना है कि वह सिर्फ जानकारी न बने बल्कि सोच को भी झकझोर दे। पत्रकारिता के प्रति यह जुनून ही मेरी लेखनी की ताकत है।
RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular