नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी (आप) को शनिवार को बड़ा झटका लगा। दिल्ली नगर निगम के पार्षद हेमचंद्र गोयल के नेतृत्व में करीब 15 पार्षदों ने शनिवार को बैठक की जिसमें कई फैसले किए। सभी पार्षदों ने पार्टी से इस्तीफा देकर थर्ड फ्रंट बनाने का निर्णय किया। इसका नेतृत्व मुकेश गोयल को देने का फैसला किया गया। अभी भाजपा के पास 117 सदस्य हैं और आप के पास 113 सदस्य। वहीं कांग्रेस के पास 8 पार्षद हैं। इन 15 पार्षदों में दिनेश भारद्वाज, सुमन अनिल राणा, मुकेश गोयल, हेमचंद्र गोयल आदि शामिल हैं। इस नए थर्ड फ्रंट का नाम इंद्रप्रस्थ विकास पार्टी रखा गया।
पूर्व नेता सदन मुकेश गोयल ने कहा कि हमेशा ऊपर से आदेश आते थे। नीचे की कोई बात नहीं सुनी जाती थी। मुझे नेता सदन बनाया गया लेकिन हमें कोई जानकारी नहीं होती थी। मैं 2022 में आप के टिकट पर चुनाव लड़ा था। वहीं हेमचंद गोयल ने कहा कि निगम का अर्थ है सत्ता का विकेंद्रीकरण लेकिन आप ने केंद्रीय स्तर पर एक ही व्यक्ति को शक्ति दे दी।

थर्ड फ्रंट में शामिल हुए ये नेता
- मुकेश गोयल
- हेमचंद गोयल
- दिनेश भारद्वाज
- हिमानी जैन
- उषा शर्मा
- साहिब कुमार
- राखी कुमार
- अशोक पांडेय
- राजेश कुमार
- अनिल राणा
- देंवेंद्र कुमार
- रोनाझी शर्मा

भाजपा उम्मीदवार राजा इकबाल सिंह है मेयर
दिल्ली नगर निगम में नंवबर, 2022 से अप्रैल, 2025 तक AAP सत्ता में थी। इस साल 25 अप्रैल को MCD के मेयर के चुनाव हुए थे। AAP ने चुनाव बहिष्कार कर दिया। भाजपा और कांग्रेस के बीच मुकाबला हुआ, जिसमें भाजपा उम्मीदवार राजा इकबाल सिंह ने 133 वोटों के साथ जीत हासिल की। कुल 142 वोट डाले गए। कांग्रेस को महज 8 वोट मिले थे।