Wednesday, July 3, 2024
Homeताजा खबरडूब रही दिल्ली! सियासत आरोप-प्रत्यारोप में डूबी

डूब रही दिल्ली! सियासत आरोप-प्रत्यारोप में डूबी

नई दिल्ली। डूब रही दिल्ली के नेता खुद आरोप-प्रत्यारोप में डूबे नजर आ रहे हैं। जी हां, दिल्ली की बाढ़ पर आ रहे सियासी बयान इस ओर इशारा कर रहे हैं। दरअसल, भारतीय जनता पार्टी ने शनिवार को आरोप लगाया कि दिल्ली में बाढ़ के लिए यहां की आम आदमी पार्टी सरकार की निष्क्रियता और भ्रष्टाचार जिम्मेदार है। पार्टी ने कहा कि मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल स्थिति से निपटने में ‘असफल’ रहने के लिए जनता से माफी मांगे।

आरोप, नहीं साफ की यमुना

यहां आयोजित संवाददाता सम्मेलन में भाजपा प्रवक्ता गौरव भाटिया और पार्टी सांसद प्रवेश साहिब सिंह वर्मा ने आरोप लगाया कि दिल्ली में बाढ़ की स्थिति उत्पन्न हुई क्योंकि केजरीवाल सरकार ने गत आठ साल में यमुना से गाद निकालने के लिए काम नहीं किया। भाटिया ने कहा, आप और केजरीवाल अपने भ्रष्टाचार और निष्क्रियता से बचने के लिए बहाना बना रहे हैं। जिस तरह से उन्होंने कोविड-19 और प्रदूषण के दौरान केंद्र और अन्य राज्यों को जिम्मेदार ठहराया था, उसी तरह अब वह दिल्ली में आई बाढ़ के लिए हरियाणा को जिम्मेदार ठहरा रहे हैं।

मदद की जगह साजिश कर रही ‘आप’

उन्होंने कहा कि केंद्र, सेना, राष्ट्रीय आपदा मोचन बल, दिल्ली के उप राज्यपाल और अन्य एजेंसियां लोगों को राहत पहुंचाने के लिए कड़ी मेहनत कर रहे हैं जबकि ‘आप’ नेता और केजरीवाल सरकार के मंत्री शहर में आई बाढ़ के लिए ‘साजिश’का आरोप लगा रहे हैं। वर्मा ने दावा किया इस साल 23 मई को हुई बैठक में मानसून के दौरान यमुना में कितना पानी छोड़ा जाएगा और दिल्ली की आप सरकार यह जानती थी। भाटिया ने सवाल किया कि केजरीवाल सरकार ने नदियों की सफाई के लिए केंद्र द्वारा दिए गए 6800 करोड़ रुपये में से कितनी राशि यमुना से गाद निकालने पर व्यय की। उन्होंने आरोप लगाया कि आप सरकार जल निकासी की उचित व्यवस्था करने में असफल रही और समय से दिल्ली के नालियों की सफाई नहीं कराई जिसकी वजह से बड़े पैमाने पर जल जमाव की स्थिति की उत्पन्न हुई।

काम करने की जगह, बहाने बनाते हैं केज​रीवाल

भाटिया ने आरोप लगाया, वर्ष 2013 से 2019 के बीच हथिनीकुंड बैराज से यमुना में आठ लाख क्यूसेक पानी छोड़ा गया। इस साल केवल 3.5 लाख क्यूसेक पानी ही छोड़ा गया और इससे भी दिल्ली में बाढ़ आ गई। यह इसलिए हुआ क्योंकि केजरीवाल की प्राथमिकता काम करना नहीं बल्कि बहाने बनाना है। उन्होंने कहा कि केजरीवाल को दिल्ली की स्थिति के लिए लोगों से माफी मांगनी चाहिए। वर्मा ने आरोप लगाया कि केजरीवाल सरकार और ‘आप’ के नेता अपनी असफलता के लिए केंद्र और हरियाणा को जिम्मेदार ठहराने एवं राजनीति करने में संलग्न हैं।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments