Wednesday, July 3, 2024
Homeराजस्थान की खबरेंRajasthanकांग्रेस सरकार ने राजस्थान को तबाह करने में कोई कसर नहीं छोड़ी,...

कांग्रेस सरकार ने राजस्थान को तबाह करने में कोई कसर नहीं छोड़ी, प्रदेश में गरजे गृहमंत्री अमित शाह

जयपुर। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने राजस्थान की अशोक गहलोत सरकार पर निशाना साधते हुए मंगलवार को आरोप लगाया कि इसने पांच साल के कार्यकाल में राज्य को तबाह करने में कोई कसर नहीं छोड़ी। शाह ने कांग्रेस सरकार को ‘सबसे भ्रष्ट सरकार’ बताया। विधानसभा चुनाव की रंगत परवान चढ़ते ही केन्द्रीय गृहमंत्री शाह ने राजस्थान में तूफानी दौरे किए। एक ही दिन में तीन सभाएं मकराना, परबतसर और नावां में कीं। तीनों स्थानों पर उन्होंने जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने कहा, पांच साल अशोक गहलोत की सरकार चली और इस सरकार ने इस वीर भूमि को तबाह करने में कोई कसर नहीं छोड़ी। सबसे भ्रष्ट सरकार अगर कहीं पर रही है तो वह यहां है। राजस्थान की सरकार सबसे भ्रष्ट है।

लाल रंग को देखकर बिफर जाते हैं मुख्यमंत्री गहलोत

कथित ‘लाल डायरी’ प्रकरण को लेकर मुख्यमंत्री गहलोत पर कटाक्ष करते हुए शाह ने कहा, लाल कलर देखकर गहलोतजी भड़क जाते हैं। कुछ भी लाल हो, गहलोत जी को लाल डायरी ही नजर आती है, और कुछ नजर नहीं आता। शाह ने विभिन्न विभागों में घोटालों का आरोप लगाते हुए कहा कि यहां खनन विभाग में 66 हजार करोड़ रुपये का घोटाला किया और जल जीवन मिशन के नाम पर 20,000 करोड़ रुपए खा गए। ‘गहलोत जी ने तुष्टिकरण की राजनीति की सारी सीमाएं लांघ दी। भाजपा नेता ने कहा, चाहे बिजली देनी हो, स्वास्थ्य सुरक्षा ठीक करनी हो या कानून व्यवस्था ठीक करनी हो, ये काम केवल और केवल कमल फूल की सरकार कर सकती है, भाजपा सरकार कर सकती है।

भाजपा के राज में पेपरलीक होना बंद हो जाएगा

शाह ने कहा कि राज्य सरकार ने पेपर लीक मामले में विश्व रिकार्ड बनाया है। उन्होंने कहा, आप कमल फूल की सरकार बना दीजिए, आने वाले दिनों में हम ऐसी व्यवस्था करेंगे कि राजस्थान में एक भी पेपर लीक नहीं होगा। उन्होंने कांग्रेस सरकार को उखाड़ फेंकने का आह्वान करते हुए दावा किया कि कांग्रेस पार्टी ना देश को सुरक्षित रख सकती है, न देश को समृद्ध कर सकती है, न देश को दुनिया में गौरव दिला सकती है। उन्होंने कहा ‘‘नरेन्द्र मोदी ने नई संसद बनाई, कर्तव्य पथ बनाया.. भारत के तिरंगे को चंद्रमा पर ले जाने का काम मोदी जी ने किया है। राजस्थान की 200 विधानसभा सीटों के लिए मतदान 25 नवंबर को होगा जबकि वोटों की गिनती तीन दिसंबर को होगी।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments