Wednesday, October 2, 2024
HomeLoksabha Election 2024'मोदी जी खुद को महान बताकर लोकतंत्र का चीरहरण कर रहे हैं',...

‘मोदी जी खुद को महान बताकर लोकतंत्र का चीरहरण कर रहे हैं’, जयपुर से सोनिया का PM पर वार

जयपुर: कांग्रेस ने शनिवार को जयपुर के विद्याधर नगर स्टेडियम में ‘न्याय पत्र महासभा’ का आयोजन किया, जिसमें पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, सोनिया गांधी और प्रियंका गांधी शामिल हुए। कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद सोनिया गांधी ने रैली को संबोधित करते हुए बीजेपी और केंद्र सरकार पर जमकर निशाना साधा।

सोनिया गांधी ने कहा, ‘वीरों और देश भक्तों के इस महान प्रदेश के प्रतिनिधि के तौर पर इस कार्यक्रम में आपके बीच आकर मुझे अपार गर्व हो रहा है। साथियों, कभी हमारे महान पूर्वजों ने अपने कठिन संघर्ष के बल पर पराधीनता के अंधेरे में देश की स्वाधीनता के सूर्य को खोजा और पाया था। इतने वर्षों बाद वो महान ज्योति कुछ मद्धिम पड़ गई है। चारों ओर अन्याय का अंधकार बढ़ा है। हम सभी का संकल्प होना चाहिए कि हम इसके खिलाफ लड़ेंगे और न्याय की रोशनी खोजेंगे।’

सोनिया गांधी ने बीजेपी पर हमला बोलते हुए कहा, ‘यह देश कुछ लोगों की जागीर नहीं। देश से बड़ा कोई नहीं हो सकता है। अन्याय के खिलाफ हमें एकजुट होना है। लोकतंत्र आज खतरे में है, संविधान बदलने की साजिश हो रही है। युवाओं में बेरोजगारी से निराशा है। बीजेपी के 10 वर्षों के शासनकाल में महंगाई चरम पर है। आज रोज की कमाई से खाने-पीने का सामना इकट्ठा कर पाना मुश्किल है, रसोई की बढ़ती कीमत हमारी माताओं-बहनों के सामने मुश्किल खड़ी कर रही है। दुर्भाग्य से आज हमारे देश में ऐसे नेता सत्ता में विराजमान हैं, जो लोकतंत्र का चीरहरण कर रहे हैं। मोदी जी खुद को महान मान कर, देश और लोकतंत्र की मर्यादा का चीर हरण कर रहे हैं। विपक्षी नेताओं को भाजपा में शामिल होने की धमकी दी गई है।’

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने जयपुर में पार्टी की रैली को संबोधित करते हुए कहा, ‘अगर हमारी सरकार सत्ता में आती है तो हमने 25 गारंटी पूरी करने का वादा किया है। पीएम मोदी के विपरीत, हम झूठ नहीं बोलते… उन्होंने कई गारंटियां दी हैं, लेकिन मैं आपसे पूछना चाहता हूं कि अब तक कौन सी गारंटी पूरी हुई है? उन्होंने हर साल 2 करोड़ नौकरियां देने की गारंटी दी थी, तो पिछले 10 साल में उन्हें 20 करोड़ नौकरियां देनी चाहिए थीं। मैं पूछना चाहता हूं कि आपको 20 करोड़ नौकरियां मिलीं क्या? मोदी ने कहा था कि विदेशों में जमा काला धन रखे लाकर 15-15 लाख दूंगा, लेकिन नहीं दिया। प्रधानमंत्री सिर्फ झूठ बोलते हैं। नरेंद्र मोदी ने यह भी कहा था कि किसानों की आमदनी दोगुनी कर दूंगा, क्या उन्होंने किया? मोदी जी झूठों के सरदार हैं। मुझे नहीं पता वह क्यों इतना झूठ बोलते हैं।’

प्रियंका गांधी ने कहा कि आज देश में बेरोजगारी चरम पे है, 10 साल से भाजपा की सरकार ने इस समस्या के लिए कुछ नहीं किया। भाजपा और मोदी सरकार ने बेरोजगारी दूर करने के लिए क्या किया है? उन्होंने वादे तो किये लेकिन उन्हें पूरा नहीं किया। अग्निवीर योजना लेकर आए जिससे युवाओं की उम्मीदें टूट गईं… हर राज्य में पेपर लीक हो रहे हैं… किसान सड़कों पर प्रदर्शन कर रहे हैं लेकिन पीएम मोदी उनकी बात सुनने को तैयार नहीं हैं। आप जो वोट डालने जा रहे हैं, वह देश के लोकतंत्र को बचाएगा। आप सोच रहे होंगे कि हमारा लोकतंत्र कैसे खतरे में है। ऐसा इसलिए है क्योंकि लोकतंत्र को मजबूत करने के लिए जो बड़ी-बड़ी संस्थाएं बनाई गई थीं, वे कमजोर हो रही हैं, उनका दुरुपयोग हो रहा है। आज स्थिति यह है कि लोगों को ईवीएम पर भी भरोसा नहीं रहा… जनता को अब ईवीएम पर भी भरोसा नहीं रहा। उन्हें नहीं पता कि वो जिसे वोट डालेंगे उसी को जाएगा या नहीं।’

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments